अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ तीन घरों में चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय सभी परिवारजन घर के अंदर सो रहे थे और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सेवानिवृत्त मिलिट्री कर्मचारी ध्रुव नारायण सिंह, लाल बहादुर सिंह और संगीता सिंह (पत्नी गुलाब सिंह) के घरों को निशाना बनाया। तीनों घरों से कुल मिलाकर करीब 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का अनुमान है।
परिजनों का आरोप है कि चोरों ने घर के भीतर नशीला स्प्रे या पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे सभी गहरी नींद में सोते रहे। सर्वेश राज सिंह ने बताया कि घटना उनके परिवार के तीन घरों में हुई और किसी को भी रात में कोई आहट तक नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो डॉग स्क्वॉड बुलाया गया और न ही फॉरेंसिक टीम। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द खुलासे की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी का है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद