लोको पायलट सहित दो घरों से लाखों की चोरी

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तेजापुर गांव में गुरूवार की रात अज्ञात चोरों ने लोको पायलट सहित दो घरों को अपना निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात सहित लाखों का माल पार कर दिया।
ग्रामीण लालजी पुत्र मोहन के घर में चोरों ने पीछे की खिड़की तोड़कर प्रवेश किया। लालजी ने बताया कि उनके घर से लगभग 32 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठियां और चांदी के जेवरात चोरी हो गए हैं। लालजी का बेटा भारतीय रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के निचले हिस्से में सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने ऊपरी मंजिल से चोरी की।
चोरों ने लालजी के, बगल में अंजनी श्रीवास्तव के घर का भी ताला तोड़ा। अंजनी श्रीवास्तव बाहर रहकर नौकरी करते हैं। उन्हें सुबह सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर से नकदी और चांदी के सिक्के पर हाथ साफ किया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उनके साथ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने दोनों घरों का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। एक्सपर्ट्स की टीम ने फिंगर प्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ितों की तरफ से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *