बंद विद्यालय के बाहर मनाया गया शिक्षक दिवस

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर बंद किए गए प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों के परिसर के बाहर शिक्षक दिवस मनाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
इसी क्रम में अतरौलिया शिक्षा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अनंतपुर स्थित बंद प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर के बाहर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने किया। इस दौरान लोगों ने बंद किए गए विद्यालयों को पुनः संचालित किए जाने की मांग उठाई। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि बंद विद्यालय के कारण क्षेत्र के बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित किया जा रहा है, जिसका सीधा असर उनके भविष्य और रोजगार के अवसरों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 26 हजार विद्यालय बंद किए गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में शराब की दुकानें खोली गई हैं। सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान में दिए गए शिक्षा और अधिकारों के लिए लोगों को आगे आना होगा। महंगाई का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। चंद्रशेखर यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद विद्यालयों को दोबारा संचालित कराया जाएगा। इस अवसर पर चंद्रजीत यादव, शीतला निषाद, लचीराम वर्मा, रणविजय यादव, इरशाद अहमद, बलराम यादव, राधेश्याम लीडर, कमला यादव, संजय मौर्य, पिंटू यादव, घनानंद गिरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *