लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निहोरगंज क्षेत्र स्थित ठा. वासुदेव सिंह पब्लिक स्कूल ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज कर उपलब्धि हासिल की है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
परीक्षा में धन्नू सिंह ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। अंश विश्वकर्मा ने 88.6 प्रतिशत तथा आलोक सिंह ने 85.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। अन्य छात्रों ने भी संतोषजनक प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शीर्ष-10 मेधावी छात्रों को मेडल, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने बच्चों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय प्रबंधक चंद्रभान सिंह ने छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे परिश्रम और अनुशासन का परिणाम बताया। प्रधानाचार्य राजेश सिंह और उपप्रधानाचार्य हरिशंकर सिंह ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद