बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड कोयलसा स्थित राधाकृष्ण मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में एक हजार से अधिक महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालु कलश में जल भरकर धार्मिक जयकारों के साथ केशवपुर मठ स्थित रामचेरे बाबा की कुटी पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा का समापन हुआ।
मठ के पुजारी एवं महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानंद जी ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में केशवपुर मठ पर प्रतिवर्ष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 29 अगस्त से पांच सितंबर तक लगातार श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन सुनाया जाएगा। साथ ही रात्रि में मथुरा के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रासलीला का मंचन किया जाएगा।
मुख्य यजमान कोयलसा ब्लॉक प्रमुख पूजा यादव और उनके पति संतोष यादव ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। आयोजन के समापन अवसर पर पांच सितंबर को भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान महाप्रधान प्रतिनिधि अंकित गुप्ता, रविकांत तिवारी, हरीश, योगेंद्र निषाद, धर्मेंद्र निषाद, मुन्ना यादव, विजयदत्त पांडेय, प्रदीप सिंह, चंद्रशेखर, राजेश सिंह, प्रकाश साहनी आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह