संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत का मेला शुक्रवार को है। कस्बे में कुल 49 दुर्गा प्रतिमा स्थापित हैं जिनका विसर्जन रविवार को होगा। मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए 5 थानों की फोर्स सहित एक प्लाटून पीएससी भी रहेगी।
इस संबंध में सरायमीर थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि मेले के निगरानी के लिए पर्याप्त मात्रा में फोर्स तैनात रहेगी, जिसमें भीड़ वाले इलाके में सादे लिबाज में पुलिस के जवान, व महिला पुलिस शामिल होकर भीड़ की निगरानी करेंगे। वहीं कस्बे में कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जो गोपनीय रखे जाएंगे। उसका डीवीआर एक सुरक्षित स्थान पर होगा, वहां पर पुलिस के जवान बैठकर मेले की निगरानी करेंगे। किसी भी संदिग्ध व्यक्तियों को देखने पर पुलिस को सूचना देंगे। चिह्नित किए हुए स्थान पर पुलिस पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करेगी।
उन्होंने बताया कि दोपहर बाद से सरायमीर का रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा। फूलपुर से आने वाली सभी गाड़ियां खरेवा मोड़ से सिकरौर सहबरी की तरफ से जाएंगी। आजमगढ़ से आने वाली सभी गाड़ियां नंदाव मोड़ से शेरवा नहर की तरफ से जाएंगी।
रिपोर्ट-राहुल यादव