ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के भीरा ग्राम सभा में शुक्रवार को अंगद यादव के घर से सुखदेव के घर तक 130 मीटर इंटरलॉकिंग मार्ग का उद्घाटन बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह द्वारा किया गया। नए मार्ग के शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला और इसे गांव के विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन के दौरान थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि गांव के विकास में सड़क की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। इंटरलॉकिंग मार्ग बन जाने से आवागमन सुगम होगा और यह विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इसके लिए मैं प्रधान सुरेश सरोज और सभी ग्रामीणों को बधाई देता हूं। ग्राम प्रधान सुरेश सरोज ने कहा कि, थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने क्षेत्र में आने के बाद लगातार ऐतिहासिक कार्य किया है। कई पुलिस बूथ और चौकियों का निर्माण, साथ ही क्राइम कंट्रोल में अभूतपूर्व सफलता उनकी कार्यशैली को दर्शाती है। आज उन्होंने इंटरलॉकिंग मार्ग का उद्घाटन कर ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाया है, इसके लिए हम उनके आभारी हैं। अंत में ग्रामीणों की ओर से थानाध्यक्ष को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन समारोह में ग्राम प्रधान सुरेश सरोज, प्रतिनिधि चंद्रशेखर सरोज, बालरूप यादव, कमलेश यादव, जयनाथ सरोज, मंगली यादव, राजेश यादव, मनोज चौहान, राजनाथ चौहान, प्रमोद सरोज, हर्ष सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-एमके राय