पेड़ काटने के विवाद में वृद्ध की मौत, आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया क्षेत्र के बिहारपुर गांव में पेड़ काटने के विवाद के दौरान एक वृद्ध की मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिहारपुर गांव निवासी जयप्रकाश मिश्रा (67) पुत्र राजेश्वर मिश्रा का गांव के ही निशांत पुत्र महेंद्र से पूर्व से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को निशांत एक विवादित पेड़ कटवा रहा था। इसी दौरान जयप्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंच गए और पेड़ काटने का विरोध करने लगे। आरोप है कि इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। परिजनों के अनुसार विवाद के दौरान जयप्रकाश मिश्रा के सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं एसडीएम बूढ़नपुर अभय राज पांडे, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी, थानाध्यक्ष अतरौलिया देवेंद्र नाथ दुबे तथा चौकी इंचार्ज बूढ़नपुर विश्वजीत पांडे भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आरोपी निशांत मिश्रा को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *