सफाईकर्मी के परिजनों को विधायक ने दी एक लाख की आर्थिक सहायता

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के जमीन गोरथानी गांव निवासी 52 वर्षीय सफाई कर्मचारी धर्मेंद्र राम की 7 जुलाई को सर्पदंश से हुई आकस्मिक मृत्यु पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। धर्मेंद्र राम की मौत के बाद शुक्रवार को अतरौलिया विधायक डॉ. संग्राम यादव, प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
धर्मेंद्र राम 7 जुलाई की सुबह खेत में धान की रोपाई कर रहे थे, तभी एक विषैले सांप ने उन्हें डंस लिया। अम्बेडकर नगर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वे वर्ष 2009 से अतरौलिया विकास खंड की जमीन दशाव ग्राम पंचायत में बतौर सफाई कर्मचारी कार्यरत थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे सफाईकर्मी समुदाय में शोक का माहौल है।
धर्मेंद्र राम अपने पीछे पत्नी राधिका देवी और तीन पुत्र कृराजेश 30 वर्ष, राकेश 27 वर्ष तथा महेश 26 वर्ष को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार को विधायक डॉ. संग्राम यादव, ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव समेत क्षेत्र के अनेक सफाईकर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि धर्मेंद्र राम के आवास पर पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और शोक-संवेदना प्रकट की।
विधायक संग्राम यादव ने कहा, “धर्मेंद्र राम निष्ठावान और मेहनती कर्मचारी थे। उनके असमय निधन से मैं अत्यंत मर्माहत हूं। इस दुःख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। भविष्य में शिक्षा या अन्य किसी जरूरत के लिए परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा, धर्मेंद्र हमारे परिवार जैसे थे। ब्लॉक की ओर से तथा सफाईकर्मी संघ के सहयोग से परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। हम सब उनके साथ हैं।
इस मौके पर चंद्रजीत यादव, कन्हैया गौड़, कमला यादव, लक्षिराम वर्मा, नागेंद्र यादव, पिंटू यादव, सकलू यादव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *