परजीवी रोगाणु की वजह से होती है मलेरिया: डा.डीडी सिंह

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विश्व मलेरिया दिवस पर चाइल्ड केयर क्लिनिक सिधारी पर औपचारिक बातचीत में शिशु व बाल रोग विशेषज्ञ डा. डीडी सिंह ने बताया कि मलेरिया एक ऐसी बीमारी है, जो परजीवी रोगाणु की वजह से होती है। ये रोगाणु इतने छोटे होते हैं कि हम इन्हें देख नहीं सकते।
उन्होंने कहा कि मलेरिया के लक्षण हैं बुखार, कंपकंपी, पसीना आना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, जी मचलना और उल्टी होना। कभी-कभी इसके लक्षण हर 48 से 72 घंटे में दोबारा दिखायी देते हैं। मलेरिया एक परजीवी रोगाणु से होता है, जिसे प्लास्मोडियम कहते हैं। ये रोगाणु एनोफेलीज़ जाति के मादा मच्छर में होते हैं और जब यह किसी व्यक्ति को काटती है, तो उसके खून की नली में मलेरिया के रोगाणु फैल जाते हैं।
डा. डीडी सिंह ने कहा कि मच्छरदानी लगाकर सोएं। घर के अंदर मच्छर मारनेवाली दवा छिड़कें। घर के दरवाज़ों और खिड़कियों पर जाली लगाएं, ताकि मच्छर अंदर न बैठें। हलके रंग के कपड़े पहनिए जिनसे आपका शरीर पूरी तरह ढका हो। अगर आपको मलेरिया हो गया है, तो फौरन इलाज कराना चाहिए। अपने चिकित्सक से भी सलाह लीजिए कि आपको क्या एहतियात बरतनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि अगर मलेरिया का इलाज न करवाया जाए, तो शरीर में खून की भारी कमी हो सकती है और जान भी जा सकती है। इससे पहले कि हालत और खराब हो, जल्द-से-जल्द इलाज करवाएं, खासकर जब बच्चों या गर्भवती स्त्रियों की तबियत खराब हो।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *