पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव निवासी श्रवण मद्धेशिया 32 वर्ष पुत्र स्व.अच्छे लाल मद्धेशिया की सोमवार सुबह जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा बाजार के पास ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
श्रवण मजदूरी करके पत्नी, एक बेटा और एक बेटी का भरण-पोषण करता था। दो भाइयों में छोटा श्रवण ही परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था। उसका बड़ा भाई मुंबई में रहता है। बताया जाता है कि दो दिन पहले ही श्रवण अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर काम की तलाश में सरायख्वाजा गया था। सोमवार सुबह बाइक से जाते समय वह हादसे का शिकार हो गया। श्रवण की मौत से पत्नी और दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची सरायख्वाजा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मधुबन गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रिपोर्ट-बबलू राय