व्यापारियों के साथ छलावा कर रही सरकार: हवलदार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर जहां एक तरफ दूसरे दलों के लोग समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले रहे थे तो वहीं और लोग समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार बनने के लिए अपने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ आवेदन कर रहे थे। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के समक्ष फूलपुर नगर पंचायत के बहुजन समाज पार्टी के नेता निखिल जयसवाल ने जहां समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया तो वहीं नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार बनने के लिए सरफराज आलम उर्फ मंसूर भाई ने भी अपने लाव लश्कर के साथ समाजवादी पार्टी कार्यालय पर नेताजी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर जिलाध्यक्ष के समक्ष अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत किया।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान सरकार में छात्र, नौजवान, किसान, व्यापारी का उत्पीड़न हो रहा है। जिस तरह से विगत एक हफ्ते से जीएसटी विभाग के छापे व्यापारियों के यहां पड़ रहे हैं उससे छोटे और मझोले व्यापारियों में डर का माहौल व्याप्त हो गया। वे अपनी दुकानें बंद करके इधर-उधर रहने को मजबूर हो रहे हैं। सरकार सिर्फ गरीबों और व्यापारियों के साथ छलावा कर रही है। सरफराज आलम उर्फ मंसूर ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी अपना उम्मीदवार बनाती है तो समाजवादी पार्टी के संगठन और नेताओं के बल पर निश्चित ही इस बार नगर पालिका परिषद आजमगढ़ में साइकिल दौड़ेगी। नगर पंचायत माहुल के नसीम अहमद, नगर पंचायत मार्टिनगंज से रामसकल यादव, जहानागंज से रामवृक्ष यादव आदि ने भी आवेदन पत्र जमा किए। इस मौके पर कमलाकांत राजभर विधायक दीदारगंज, विवेक सिंह, मुशीर अहमद, इसरार अहमद, जोरार खान, आबिद, आसिफ, अनिल यादव, निशांत राय, गिरीश यादव, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *