आठ साल की कौमुदी दुबे ने कूडो चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत के पुरवा निवासी ज्ञानेंद्र दुबे की आठ वर्षीय पुत्री कौमुदी दुबे ने गोरखपुर में आयोजित नौवीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय कूडो चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र व गांव का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में लगातार तीन मुकाबले जीतकर कौमुदी ने यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
कक्षा पांच की छात्रा कौमुदी पिछले नौ-दस महीनों से अतरौलिया स्थित अल्टीमेट स्पोर्ट क्लब में कोच प्रियंव मिश्रा के मार्गदर्शन में कूडो का प्रशिक्षण ले रही हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पहले वह जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने आवास पर पहुंचकर फूल-मालाओं से स्वागत किया और उत्साहवर्धन किया।
कौमुदी ने कहा कि गोल्ड मेडल जीतकर उन्हें बेहद खुशी हुई है। वह आगे भी मेहनत कर बड़ी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करना चाहती हैं। पिता ज्ञानेंद्र दुबे ने कहा कि बालिकाओं की आत्मरक्षा और शारीरिक-मानसिक विकास के लिए मार्शल आर्ट बेहद जरूरी है। अब बेटी को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना उनका लक्ष्य है। जूनियर हाईस्कूल अगया के प्रभारी प्रधानाध्यापक परमहंस यादव ने कहा कि सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से बच्चे कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। कौमुदी की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस दौरान विनोद कुमार पांडे, यशपाल सिंह, चंद्रशेखर मौर्य, अनूप कुमार सिंह, ओंकार सिंह, विनोद कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, राज नारायण पांडे, देवेंद्र दत्त दुबे आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *