फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील से आठ किलोमीटर दूर उत्तर दिशा में तमसा मंजूषा तट पर ऋषि दुर्वासा की तपोस्थली स्थित है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां हजारों श्रद्धालु बुधवार को आस्था की डुबकी लगायेंगे।
ऋषि दुर्वासा की तपोस्थली मन्दिर बनहर मय चक गजड़ी फूलपुर तहसील क्षेत्र में स्थित है। ऐसी मान्यता है कि बाबा ऋषि दुर्वासा संगम में स्नान कर शिव भगवान की आराधना तमसा नदी के तट पर स्थित मंदिर में आकर पूजा करते थे। इसलिए दुर्वासा गांव में कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के अवसर पर मेला लगने लगा। स्नानार्थी स्नान कर शिव मंदिर में दर्शन कर ऋषि दुर्वासा का दर्शन करते हैं। बुधवार को लगने वाले मेले में शान्ति ब्यवस्था के लिए पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पांच थाना की पुलिस तैनात की गयी है। मेले में मनोरंजन के साधन सहित खाने पीने, सौंदर्य प्रसाधन, खेती गृहस्थी के सामान, रसोई के उपकरण सहित बच्चो के खिलौने तक बिक रहे हैं। सबसे अधिक खझला की दुकान लगी है। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि मेले में शान्ति सुरक्षा बनी रहे इसके लिए हर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों से बताया कि पुलिस या कोई स्थानीय ब्यक्ति दबंगई से पैसे की मांग करे तो तत्काल मुझसे संपर्क स्थापित करें। किसी प्रकार की उदण्डता क्षम्य नहीं होगी।
रिपोर्ट- मुन्ना पाण्डेय