पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर गांव में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे एक युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
पहाड़पुर गांव निवासी अच्छेलाल पटेल पुत्र स्व.रामजस पटेल के घर से कुछ दूरी पर स्थित एक नीम के पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन और पेन ड्राइव बरामद हुई। मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर मृतक की पहचान प्रदीप कुमार 32 वर्ष पुत्र बलिहारी निवासी बालाजानी रैचनपट्टी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय