तमसा नदी किनारे खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रसीदगंज चौकी अंतर्गत बुढ़ान पट्टी गांव में रविवार सुबह तमसा नदी के किनारे एक खेत में खरपतवार के बीच करीब 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव को देखा तो इसकी सूचना तत्काल गांव के प्रधान को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक के शरीर पर धोती-कुर्ता था और उसकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के प्रधान ने निजामाबाद पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही रसीदगंज चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *