अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवित्र अधिक मास के तीसरे सोमवार को नगर के चिश्तीपुर स्थित प्रसिद्ध कैलेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन और जलाभिषेक के लिए महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से बाबा कैलेश्वर का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की हर मनोकामना बाबा कैलेश्वर पूर्ण करते हैं। इसी आस्था के चलते तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था।
श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण और सेवा कार्य किए गए। भक्तों ने हलवा, चना, खीर सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद का वितरण किया। स्थानीय भक्त जितेंद्र सोनी ने बताया कि अधिक मास के दौरान प्रतिदिन मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार रुद्राभिषेक, भंडारा और प्रसाद वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरे महीने मंदिर परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना हुआ है।
वहीं, भारी भीड़ के बावजूद मंदिर परिसर में पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था नदारद दिखी। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में श्रद्धालुओं को स्वयं ही भीड़ नियंत्रित करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रिपोर्ट-आशीष निषाद