महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के बरौली पैकोली ग्रामसभा में भाजपा की ओर से जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा नेता जयनाथ सिंह का ग्रामवासियों ने स्वागत किया। जनचौपाल के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं, शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और बच्चों की शिक्षा को विकास का मूल आधार बताया। संचालन पुजारी राजभर ने किया।
सुनील चौहान ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। हौसला राजभर ने कहा कि यदि परिवार और समाज को आगे बढ़ाना है तो अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए शिक्षा और जागरूकता आवश्यक है। श्रीकांत मौर्य ने जयनाथ सिंह की सराहना की।
मुख्य अतिथि जयनाथ सिंह ने कहा कि लोगों ने जिस स्नेह और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया है, वह उनके लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए जयनाथ सिंह ने भाजपा सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं और उनकी राजनीति स्पष्टता पर आधारित है। वह किसी व्यक्ति की जाति पूछकर उसकी मदद नहीं करते, बल्कि गरीबों और पीड़ितों के साथ हुए अन्याय को आधार बनाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते हैं।
इस मौके पर हरेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, अशोक मौर्य, सत्येंद्र यादव, अर्जुन सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र