माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवई थाना क्षेत्र के ओरिल बाजार में बुधवार की रात दो घरों में घर के पीछे की दीवार काट कर घर में घुसे चोरों ने जेवरात नकदी समेत लाखो के माल पर हाथ साफ कर दिया। गुरूवार की सुबह जब इसकी जानकारी परिजनो को हुई तो पवई थाने पर पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दिया।
रोजाना की भांति नीलम राजभर और गणेश बिंद रात में खाना खा कर परिवार सहित मंडई में सो गए। रात में अज्ञात चोर इन दोनो के घरों के पीछे की दीवार काट कर घर में घुस गए। नीलम के घर के कमरे में रखा बाक्स जिसमें कपड़ा, सोने का कानफूल, गले का मंगसूत्र, चांदी का पावजेब, पायल और आठ हजार नकदी बॉक्स समेत उठा ले गए। इसी तरह यहां से 100 मीटर दूर स्थित गणेश बिंद के घर की पीछे की दीवार काट कर घर के पीछे के कमरे में रखे बाक्स का ताला तोड़ कर उसमे रखे सोने का कान का झुमका, बाली, मांग टीका, चांदी का छागल और पांच हजार नकदी व कपड़े अज्ञात चोर उठा ले गए। सुबह जागने पर जब इस बात की जानकारी हुई तो परिजनों के होश उड़ गए। बाजार में इस चोरी की घटना से लोग परेशान हो गए और इसकी सूचना पवई पुलिस को दिया। पवई पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दिया है।
रिपोर्ट-श्यामसिंह