परिवार के साथ दर्शन करने आई थी मुस्कान, मचा कोहराम
वाराणसी (सृष्टि मीडिया)। बड़ादेव इलाके में बीते बुधवार की देर शाम एक निर्माणाधीन मंजिला भवन से सिर पर ईंट गिरने से परिवार के साथ दर्शन करने आई मुस्कान घोष (21) की मौत हो गई। घटना जिस समय हुई वहां निर्माण बंद था। आशंका है कि बंदरों की उछल-कूद में ईंट गिर पड़ी। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के मूल निवासी जयदेव घोष रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के पास वीडीए कालोनी में रहते हैं। वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अलकनंदा सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड में इलेक्ट्रीशियन हैं। हादसे के बाद युवती का परिवार गम में डूब गया।
दबी रहती है फाइलें, जिला प्रशासन, पुलिस और जिम्मेदार विभाग मौन
बतादें, बड़ादेव क्षेत्र में जहां ईंट गिरने से युवती की मौत हुई वह हाई फ्लड लेवल क्षेत्र है। इसमें नया निर्माण पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इस क्षेत्र में निर्माण करने पर उच्च न्यायालय से रोक है फिर भी विकास प्राधिकरण के अभियंताओं की मिलीभगत से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अवैध निर्माण जोरों पर जारी है। हालत यह है कि अवैध निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर काम किया जाता है। इसके चलते कई लोग घायल हो चुके हैं। मामला संज्ञान में आने पर जिला प्रशासन, पुलिस और जिम्मेदार विभाग विकास प्राधिकरण कागजी घोड़ा जरूर दौड़ाते हैं, लेकिन समय बीतने के साथ सब कुछ फाइलों में दफन हो जाता है।
परिजनों ने दी तहरीर
जानकारी के अनुसार, मुस्कान उनकी छोटी बेटी थी। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। मुस्कान एपेक्स हास्पिटल में तीन साल का नर्सिंग कोर्स कर रही थी। एक साल कोर्स करते हो चुका था। पिता जयदेव घोष ने बताया कि वह 35 साल से रामनगर में रह रहे हैं। शाम करीब छह बजे पत्नी सविता घोष, मुस्कान व उसके मौसा आलोक विश्वास के साथ काशी विश्वनाथ दर्शन करने गए थे। इस बीच ऊपर से तीन-चार ईंट गिरी। उसमें से एक ईंट उनकी बेटी के सिर पर गिरी, जिससे वह लहूलुहान हो गई। आसपास के लोगों की मदद से बेटी को पास के मारवाड़ी अस्पताल ले गए, जहां पहले तो कोई उपचार के लिए तैयार नहीं हुआ। हल्ला मचने पर प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय ने बताया कि केसीएम के बगल में गोकुल पांडेय का चार मंजिला निमार्णाधीन भवन है। घटना के समय वहां काम नहीं चल रहा था। मुस्कान के घर वालों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में गैर इरादतन हत्या या लापरवाही से मौत का मामला दर्ज हो सकता है।
रिपोर्ट : अमन विश्वकर्मा