बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के मंगितपुर गांव में एक किसान की भूमि पर कथित रूप से जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान महेंद्र प्रताप सिंह ने गांव के ही कुछ दबंगों पर उनकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग और उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित महेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, मंगितपुर गांव स्थित गाटा संख्या 133/81 में उनकी लगभग पांच विस्वा भूमि है, जो उनकी भूमिधरी जमीन है। उन्होंने बताया कि इस जमीन पर वह और उनके पूर्वज कई वर्षों से खेती-बाड़ी करते चले आ रहे हैं। अब गांव के ही उदयचंद सिंह और हरिश्चंद्र सिंह पुत्रगण हरिद्वार सिंह द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है।
महेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि उक्त भूमि की पैमाइश राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा कई बार कराई जा चुकी है। राजस्व निरीक्षक द्वारा दर्जनों बार सीमांकन और मापी के बाद भी आरोपित पक्ष द्वारा मनमाने तरीके से कब्जा करने की कोशिश जारी है। इससे उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित किसान ने बताया कि उन्होंने इस मामले में अतरौलिया थानाध्यक्ष को थाना दिवस के दौरान लिखित तहरीर भी दी थी। इसके अलावा बूढ़नपुर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कई बार प्रार्थना पत्र देकर उपजिलाधिकारी से न्याय की मांग की। लेकिन अब तक मामले का निस्तारण नहीं हो सका। पीड़ित ने कहा कि यदि समय रहते उनकी पुश्तैनी जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह