विवाद के चलते अग्रसेन महिला महाविद्यालय का चुनाव रद्द

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर स्थित अग्रसेन महिला महाविद्यालय प्रबंध समिति का चुनाव इस वर्ष 2026 विवादों के बीच रद्द कर दिया गया है। चुनाव मैदान में अग्रसेन जी की सेना और अग्रसेन नवोदय टीम दो गुट आमने-सामने थे। ट्रस्ट के मंत्री मुकुल अग्रवाल के मुताबिक रविवार, 25 अक्टूबर को होने वाला यह चुनाव चुनाव अधिकारी के इस्तीफे और उपजे विवाद के कारण श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट की बैठक में निरस्त कर दिया गया है।

चुनाव अधिकारी गिरीश चंद्र अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। चुनाव अधिकारी का आरोप है कि 22 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान एक प्रत्याशी, शशांक गोयल द्वारा उनके आवास पर हंगामा किया गया और अभद्र व आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों में गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराना असंभव है, जिसके चलते उन्होंने ट्रस्ट के मंत्री को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। चुनाव अधिकारी ने बताया कि इससे पहले 19 अक्टूबर को भी उन्हें एक बिना हस्ताक्षर वाला आपत्तिजनक पत्र मिला था। इन्हीं विवादों के चलते कॉलेज प्रबंध समिति का चुनाव फिलहाल निरस्त किया गया है। वही दूसरी ओर, सदस्य पद के प्रत्याशी शशांक गोयल ने सामने आकर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है और चुनाव प्रक्रिया में धांधली का गंभीर आरोप लगाया है, शशांक गोयल ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के प्रति किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया। बल्कि उनका आरोप है कि विरोधी पक्ष चुनाव हार रहा था, इसलिए ट्रस्ट के अध्यक्ष और मंत्री की मिलीभगत से दबाव बनाकर यह चुनाव रद्द कराया गया है। उन्होंने 19 तारीख को निर्वाचन अधिकारी को एक सुझाव पत्र सौंपा था, जिसे अधिकारी ने पढ़ने के बाद रिसीव करने से मना कर दिया था। सदस्य प्रत्याशी शशांक गोयल ने अग्रवाल समाज के सभी बंधुओं से अपील की है कि वे निष्पक्ष जाँच और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का समर्थन करें, ताकि समाज की एकता और महाविद्यालय के भविष्य की रक्षा की जा सके।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *