लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। केंद्र सरकार द्वारा गरीबों को बीमारी से इलाज के लिए आयुष्मान गोल्डन कार्ड योजना चलाई गई है। इसको गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को विकास खंड लालगंज के 11 ग्रामसभा में आयुष्मान गोल्डन कार्ड शिविर का आयोजन किया गया।
प्रदेश व केंद्र सरकार के द्वारा गांव के बीपीएल कार्ड धारकों के लिए चाहे जिस तरह के बीमारी से ग्रसित हों सभी के इलाज के लिए खर्च सरकार वहन कर रही है ताकि गरीब मरीजों को इलाज में राहत मिल सके। इस योजना आयुष्मान गोल्डन कार्ड की सफलता धरातल पर उतारते हुए चलाई जा रही योजना के क्रम में सरकार की मंशा के अनुरूप आज शुक्रवार को लालगंज ब्लाक के रामपुर कठरवां, बैरीडीह, चिरकिहिट, कस्बा देवगांव, नोनीपुर उर्फ नईकोट, कलीचाबाद, माधवपुर धरांग, कटौली खुर्द, रेतवां चंद्रभानपुर, जेहतमंदपुर, बसही अकबालपुर ग्राम में ग्राम सचिवालय पर पंचायत सहायक तथा एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ द्वारा प्रत्येक ग्रामसभा के बीपीएल कार्डधारकों को एकत्र कर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की गयी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज के डॉ.विंध्याचल, अनीता चौरसिया बीसीपीएम, बीपीएम अखंड राय, दीपक आदि ने उपरोक्त सभी 11 ग्रामों की घूम कर समीक्षा की और पात्र लोगों को ग्राम सचिवालय पर पहुंचकर अपना कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद