आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव में गत 14 जून को अपहरण कर मौर्य दंपति की हत्या कर दी गयी। हत्यारों की गिरफ्तारी व परिजनों को मुआवजे व नौकरी की मांग को लेकर मृतक के पाल्य विगत 47 दिनों से जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
मृत मौर्य दंपति के पुत्र शिवांस, प्रिया व खुशी मौर्य ने बताया कि आगामी दो दिसम्बर को डीएम कार्यालय के पास हत्यारों को फांसी दो, जघन्य हत्याकांड के खुलासे एवं आर्थिक मदद तथा बच्चों को सरकारी नौकरी दिये जाने के लिए धरना प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि धरने पर बैठने के बाद भी शासन, प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गयी और न ही कोई जिम्मेदार हम अनाथ बच्चों की खबर लेने आया। बीते सात नवम्बर को जनपद के सामाजिक, राजनीतिक संगठनों एवं क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर उतर कर विशाल जन आंदोलन किया था। जिसे देखते हुए एडीएम एवं डिप्टी एसपी ने सभी मांगों को सात दिन के अंदर पूरा कराने का आश्वासन दिया था परंतु आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार