आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में गुरूवार की देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में विकास संबंधी प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालय के निर्माण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया जाय। उन्होंने कहा कि प्लास्टर एवं छत ढालने वाले कार्यों को पूर्ण कर सामुदायिक शौचालय को क्रियाशील कर दिया जाए। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि जो सामुदायिक शौचालय बन गए हैं, उनके रखरखाव एवं कर्मचारियों के भुगतान आदि की कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाय। अधूरे पंचायत भवन के निर्माण एवं हैंडपंप रिबोर के कार्य को शीर्ष प्राथमिकता से कराना सुनिश्चित करें।
सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी फसलों की सिंचाई हेतु नहर, माइनर आदि की सिल्ट सफाई निर्धारित समय के अंदर करायें। उन्होंने कहा कि फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहरों के टेल तक सुनिश्चित कराई जाए। उन्होने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़कों के गड्ढों की मरम्मत युद्ध स्तर से कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन सेतुओं को निर्धारित समय में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिया कि चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित कराई जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान सम्मान निधि योजना में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों का आधार डाटा फीडिंग कराना सुनिश्चित करें। 30 नवंबर तक प्रत्येक दशा में कायाकल्प योजना के कार्यों को पूर्ण किया जाए।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार