लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मई खरगपुर गांव निवासी 18 वर्षीय कुणाल गौड़ की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार शाम गोसाई की बाजार के पास नरवा पुल पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गुरुवार दोपहर ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मई खरगपुर गांव निवासी स्व.प्रमोद गौड़ का पुत्र कुणाल गौड़ बुधवार शाम करीब सात बजे गोसाई की बाजार से पैदल अपने घर लौट रहा था। वह पुलिस चौकी गोसाई की बाजार के पास स्थित नरवा पुल पर पहुंचा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुणाल सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बेहोश हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टीकरगाढ़, लालगंज पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, गुरुवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद