न्याय न मिलने पर जन आंदोलन करेगी पार्टी: रविंद्र यादव

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहिरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी मौर्य दंपत्ति हत्याकांड के खुलासे एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा दिए गए आर्थिक मदद के आश्वासन को पूरा करने की मांग को लेकर अंबेडकर पार्क में धरने पर बैठे परिजनों से शनिवार को आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व एक प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात किया। प्रशासन द्वारा मांगे ना पूरा किए जाने पर बड़ा जन आंदोलन करने की चेतावनी दी।
मौर्य दंपत्ति इंद्रपाल व शकुंतला मौर्या 14 जून को दवा लेने के लिए शाहगंज गए थे। इसके बाद दोनों लापता हो गए। 16 जून को दोनों की लाश अंबारी स्थित एक स्कूल के सामने सड़क किनारे गड्ढे में पड़ी मिली थी। परिजनों ने तीन के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। लंबा समय बीत जाने के बाद भी नामजद एक भी अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हुई। पूर्व में भूख हड़ताल पर बैठने पर पुलिस ने दो लोगों को साजिशकर्ता के रुप में चिन्हित कर गिरफ्तार किया और जेल भी भेज दिया। पीड़ित परिवार हत्याकांड के पूर्ण खुलासे, एक को सरकारी नौकरी व मुआवजा आदि की मांग को लेकर आंदोलित है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदना एवं सहानुभूति रखती है और पीड़ित परिवार के साथ तन्मयता से खड़ी है। अगर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिलता है तो आम आदमी पार्टी इसको लेकर जनपद में बृहद आंदोलन करेगी। इस मौके पर जिला महासचिव डॉ.अनुराग कुमार यादव, इसरार अहमद, उमेश यादव, रमेश मौर्य, विक्की सोनकर, अनिल यादव, सुंदरम यादव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *