आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मां शारदा ब्रह्मदेव सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में वेदांता इंटरनेशनल स्कूल की तरफ से शनिवार को मिर्गी जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 2253 लाभार्थी लाभान्वित किये गये।
मुख्य अतिथि शक्ति अवस्थी आईपीएस, बीएचयू न्यूरोलॉजी के हेड डॉ. वीएन मिश्रा, संस्था के संरक्षक ब्रम्हदेव सिंह, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ.जीएन बरनवाल, शिशु व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.डीडी सिंह, स्कूल के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके समक्ष दीप प्रज्वलित कर उनकी आराधना किया। तत्पश्चात अतिथिगण द्वारा फीता काट कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। शिविर में दूर दूर से मरीज बीएचयू के न्यूरोलॉजी हेड डॉ.वीएन मिश्रा को दिखाने आए थे। डॉ. मिश्रा सभी मरीजों को बड़ी शालीनता से देखकर उनकी जांचकर परामर्श दे रहे थे। सभी मरीजों को संस्था की तरफ से निःशुल्क दवा भी दी गई। डॉ.जीएन बरनवाल शिशु व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.डीडी सिंह ने सभी को परामर्श दिया और उनके अभिभावकों को आजकल की बीमारी से बचने का उपाय भी बताया। इसके साथ ही डॉ.संतोष कुमार सिंह, डॉ.अजीम अहमद, डॉ.प्रभात द्विवेदी, डॉ.रुद्रमणि दीपक, डॉ.विक्रम सिंह, डॉ.विवेक सिंह, डॉ.सौरभ यादव ने भी अपने मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श के साथ ही दवा वितरण किया। मुख्य अतिथि शक्ति अवस्थी ने कहा कि वेदांता इंटरनेशनल स्कूल ने इस तरह का आयोजन करके बड़ा ही पुनीत कार्य किया है। मिर्गी के बारे में उन्होंने कहा कि आज भी गांव में मिर्गी को लेकर तमाम भ्रांतियां हैं। आज भी भारत के कई हिस्सों में मिर्गी के लिए दवा न देकर झाड़ फूंक, ओझा, मौलवी, पादरी इलाज कर रहे हैं। ये दुःखद है। ये हम सबकी ज़िम्मेदारी होनी चाहिए कि ऐसे लोंगों को इलाज मिले। शिविर प्रभारी और स्कूल प्रबंधक शिव गोविंद सिंह ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र की आवश्यकता की पूर्ति के लिए भविष्य में और भी ऐसे कार्यक्रम करता रहेगा। उन्होंने सभी अतिथियों को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव