छह महीने से गिट्टी बिछाकर सड़क को भूला जिला परिषद

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जैगहां-बिंदवल मार्ग पर हारीपुर से नहर तक लगभग 500 मीटर सड़क की बदहाली अब क्षेत्रीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जिला परिषद की ओर से सड़क की मरम्मत के नाम पर करीब छह महीने पहले गिट्टी तो बिछा दी गई, लेकिन इसके बाद विभाग ने जैसे इस मार्ग को पूरी तरह भुला दिया। नतीजा यह है कि सड़क पर डाली गई गिट्टियां अब जगह-जगह उभरने लगी हैं और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी थी। काफी इंतजार के बाद जब विभाग की नींद टूटी तो मरम्मत के नाम पर सड़क पर गिट्टी डाल दी गई। लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी न तो सड़क का समुचित निर्माण हुआ और न ही मरम्मत कार्य को पूरा करने की जहमत उठाई गई। ऐसे में लोगों की उम्मीदें एक बार फिर अधूरी रह गईं और सड़क की हालत पहले जैसी ही बदतर हो गई।
इस मार्ग का महत्व इसलिए भी अधिक है कि हारीपुर से नहर तक का यह रास्ता सीधे गोरिया बाजार की ओर निकलता है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलती है और उनकी दूरी लगभग आधी हो जाती है। लेकिन सड़क की बदहाली के चलते अब यही सुविधाजनक रास्ता लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दोपहिया वाहन चालकों को उभरी हुई गिट्टियों के कारण संभलकर चलना पड़ता है, वहीं पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों में इस अधूरे कार्य को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब विभाग ने सड़क की मरम्मत शुरू ही कराई थी तो उसे अधूरा छोड़ने का क्या औचित्य था? सरकारी धन खर्च करने के बाद भी यदि जनता को बेहतर सड़क सुविधा नहीं मिलती तो ऐसी मरम्मत का आखिर क्या लाभ? छह महीने से सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ देना विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि हारीपुर से नहर तक लगभग 500 मीटर सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन की समस्या से निजात मिल सके। अब देखना यह है कि विभागीय अधिकारी जनता की इस परेशानी को कितनी गंभीरता से लेते हैं या फिर यह सड़क इसी तरह जिम्मेदारों की उदासीनता का शिकार बनी रहेगी।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *