आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। छठ पूजा पर घाटों पर पहुंचे लोगों में सूर्य के उगने को लेकर बेताबी दिख रही थी। व्रतियों द्वारा गाए जाने वाले यह गीत जल्दी उगा हे सुरुज देव भइलें अरघ के बेर… इस बेताबी को बयां कर रही थी। इस दौरान साथ रहे लोग छठ मइया का जयकारा लगाते रहे। आधी रात बाद से ही व्रती महिलाओं के साथ चलने वाले वयस्क व बच्चों के सिर पर पूजा के सामान थे तो साथ जा रही महिलाएं छठ मइया के भजन गा रही थीं। हाथों में कलश और उस पर जलते दीपक के साथ घरों से निकलीं व्रती महिलाओं को देखने के बाद लग रहा था मानों रात के अंधेरे में साक्षात देवियां सडक़ पर निकल पड़ी हों।
घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं ने अपनी बेदी के पास रंगोली बनाया, सूप में एक दिन पहले चढ़ाए गए ठोकवा, पुआ आदि को बदलकर ताजा रखा। उसके बाद सूप को पूरब दिशा की ओर रखा गया। फिर जल में खड़ी होकर व्रती महिलाओं ने सूर्याेदय काल तक तपस्या की। खास बात यह रही कि जिनके घर यह पूजा नहीं होती है उनकी भी नींद खुल गई थी। कारण कि एक तरफ जहां घर से निकलकर रास्ते भर छठ मइया के गीत गाए जा रहे थे वहीं कुछ महिलाएं मिन्नतों के पूरा होने के उपलक्ष्य में ढोलताशे के साथ पूजा के लिए घर से जा रही थीं। सुबह पहले व्रती महिला तथा उसके बाद परिवार के सदस्य तथा अन्य श्रद्धालुओं ने दुग्ध का अर्घ्य दिया। उसके बाद परिचित महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अमर सुहाग और मंगलकामना की। घर पहुंचकर महिलाओं ने घर के चौखट की पूजा की और उसके बाद बेदी पर चढ़ाए गए चने को निगलकर पारण किया।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद समाप्त हुआ। माहुल नगर के सिद्धपीठ काली चौरा पोखरे पर अपने पुत्र और पति के दीर्घायु की कामना के साथ पानी में खड़ी व्रती महिलाओं को कुहासा और बदली भी नहीं डिगा पाई। तय समय से एक घंटे बाद जब भगवान भास्कर दिखे तब व्रतियों ने अर्घ्य अर्पित किया। फिर ये अपने कुटुंब के साथ अपने अपने घर गई। इसी तरह क्षेत्र के बरामदपुर पुल के समीप मंजूषा नदी के तट पर समसल्लीपुर में ओंगरी नदी के तट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने अपना व्रत समाप्त किया।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार नगर के पूरब पोखरा, पश्चिमी पोखरा समेत ग्रामीण अंचल के लोहरा, तेज़ापुर, सिकंदरपुर, गोविन्दपुर, नंदना, मदियापार, भोराजपुर, समेत विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। कड़ाके की ठंड और हल्के कोहरे के बावजूद महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु की कामना की। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही घाटों पर जयघोष गूंज उठा। व्रती महिलाओं ने दूध और जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह भी अपने गांव के छठ घाट पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में सूर्यदेव का विशेष महत्व है और उनके प्रति लोगों की आस्था अटूट है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में भी उनकी माता इस कठिन व्रत का पालन करती हैं और वह स्वयं घाट पर पहुंचकर इस परंपरा में सहभागी बनते हैं।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार लालगंज, देवगांव व क्षेत्र के सिकरौरा आदि गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सिकरौरा गांव में काली माता मंदिर के पास, नहर किनारे तथा पोखरे पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। छठ पूजा के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। देवगांव में छठ पूजा में आए हुए श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा समूह देवगांव द्वारा निःशुल्क चाय का वितरण किया गया।
रानीकीसराय प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के रानी पोखरा, अवंतिकापुरी, मझगावा, साकीनाका, चडई, शाहखजुरा, रुदरी आदि पोखरांे पर गाजे बाजे के साथ ब्रती महिलाएं परिवार के साथ घाट पर पहुंची। भोर से ही आने का क्रम शुरु हो गया। यहां भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। आस्थावान दूध, चाय का भी वितरण करते रहे। पानी में बचाव के लिए विभिन्न पोखरों में वालेंटियर दो घंटे तक मुस्तैद रहे। झूले बच्चों के खिलौने भी खूब बिके। घाट से घर वापस लौटते समय ही प्रसाद वितरण शुरु हो गया। ब्रतियो ने पारण कर निर्जला ब्रत पूर्ण किया। रानी पोखरे पर जहां सर्वाधिक भीड़ रही वहीं अवंतिकापुरी धाम पर समिति के अरुण विश्वकर्मा, मुखराम गुप्ता, महेंद्र, गुलाब आदि व्यवस्था संचालन में लगे रहे। भारत रक्षा दल द्वारा जलालपुर मंे घाट पर जलपान से लेकर साफ सफाई आदि व्यवस्था की गई।
मार्टिनगंज प्रतिनिधि के अनुसार सूर्य उपासना और लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को सम्पन्न हो गया। सुबह महाव्रत के अंतिम दिन व्रतियों और श्रद्धालुओं ने नदी, तालाब और जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर उदीयमान (उगते हुए) सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही पिछले 36 घंटों से चल रहा कठिन निर्जला उपवास संपन्न हुआ और व्रतियों ने अन्न-जल ग्रहण कर पारण किया। प्रख्यात ज्योतिष एवं कर्मकांड विशेषज्ञ पंडित गिरजा प्रसाद पाठक ने अंतिम दिन के धार्मिक अनुष्ठान, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के महत्व और पारण की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ज्योतिष मर्मज्ञ पंडित गिरजा प्रसाद पाठक के अनुसार, छठ महापर्व का समापन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर होता है। यह इस बात का प्रतीक है कि अंधकार के बाद प्रकाश का आना और हर रात के बाद एक नई सुबह का होना निश्चित है।