आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित पिंक प्रेरणा स्वरोजगार पहल के तहत विकास खण्ड परिसर तहबरपुर में महिला स्वरोजगारियों द्वारा लगाए गए स्टालों का उद्घाटन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा किया गया। इस पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करने तथा उन्हें आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत पिंक ठेला स्वरोजगार योजना के तहत कुल 10 महिला स्वरोजगारियों का चयन कर उन्हें व्यवसाय संचालन के लिए ठेले उपलब्ध कराए गए। विकास खण्ड परिसर के सामने इन महिलाओं द्वारा अपनी दुकानें स्थापित की गई हैं, जहां वे विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका अर्जित कर सकेंगी। इससे महिलाओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने का अवसर मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने महिला स्वरोजगारियों के स्टालों का उद्घाटन कर उनके द्वारा संचालित की जाने वाली व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार की पहल से महिलाएं अपनी आजीविका के लिए स्वयं सक्षम बनेंगी तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला स्वरोजगारियों को व्यवसाय संचालन में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके व्यवसाय सुचारु रूप से संचालित हों और उन्हें निरंतर आय अर्जित करने के अवसर प्राप्त हों।
रिपोर्ट-सुबास लाल