डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसी कार, दो युवकों की मौत

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर बुधवार को भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बघरवा उर्फ मोलनापुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के समीप हुआ। ओवरब्रिज से उतरते समय स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंचे देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकलवाया। इनमें शीतल (19) पुत्र सुरेंद्र और रोहन (19) पुत्र रमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विशाल (18) पुत्र शशिकांत, परविंद (20) पुत्र राजबहादुर और साहिल (20) पुत्र जबिंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आजमगढ़ रेफर कर दिया।
बताया गया कि पांचों युवक जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव के निवासी थे। वे घर से कार धुलवाने के लिए निकले थे और इसी सिलसिले में देवगांव आए थे। इसी दौरान एनएच-233 पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *