अस्पताल में संविदा भर्ती के नाम पर ठगी से रहें सावधान

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय एवं 100 शैय्या एमसीएच विंग, में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दिनेश सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में वर्तमान में आउटसोर्सिंग अथवा संविदा पर किसी भी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया नहीं चल रही है। संज्ञान में आया है कि कुछ अराजक तत्व अस्पताल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोग भर्ती कराने का भरोसा देकर धन की मांग कर सकते हैं। इस तरह की अफवाहों और झांसे में आने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नौकरी पाने के लिए किसी भी दलाल, बिचौलिए या अनधिकृत व्यक्ति के संपर्क में आकर पैसे न दें। भर्ती के नाम पर किसी को भी रुपये देने से बचें और किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि भविष्य में यदि अस्पताल में किसी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया शुरू होती है, तो इसकी जानकारी केवल आधिकारिक एवं सरकारी माध्यमों से ही दी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थी भर्ती संबंधी जानकारी की पुष्टि अधिकृत स्रोतों से ही करें। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी से लोगों को बचाया जा सके।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *