आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शहर के कोलघाट स्थित बाबा मोहटी दास आश्रम में गुरु कोमल पहलवान के सम्मान में राष्ट्रीय पहलवान दीपक यादव व पप्पू यादव द्वारा विराट कुश्ती दंगल और गदा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, दिल्ली और वाराणसी से खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, गुरु कोमल पहलवान, समाजसेवी रामचंद्र यादव और जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया।
कुश्ती मुकाबलों में दिल्ली के साहिल और गाजीपुर के विशाल का मुकाबला बराबरी पर रहा। आजमगढ़ जिले की महिला कुश्ती में प्रीति यादव नीबी और जया स्टेडियम का मुकाबला भी बराबरी पर छूटा, जबकि दिव्यांशु मोजरापुर ने आदर्श बौरहवा बाबा को पटखनी दी। भीम गदा प्रतियोगिता में एक बार फिर राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 20 हाथ भांजकर भीम गदा प्रतियोगिता का खिताब जीता।
अंतरराष्ट्रीय पहलवान अभिमन्यु यादव ने बताया कि गुरु कोमल पहलवान के सैकड़ों शिष्यों में कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान शामिल हैं, जो आर्मी, नेवी, बीएसएफ और रेलवे जैसे विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। वहीं सदर विधायक ने गुरु कोमल पहलवान के जाने के बाद उनकी प्रतिमा स्थापित कराने का वादा किया।
इस मौके पर ज्ञान शंकर यादव, विजय शंकर यादव, कैलाश यादव, रणवीर सिंह, रामवृक्ष यादव, अशोक यादव, अजीत यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन प्रधानाचार्य अवधेश यादव और प्रेमचंद यादव ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार