कलम की बनाए रखें धार, पर लिखने से पहले दोनों पक्षों को जानें पत्रकार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की ओर से शायद जिले में पहली बार ऐसा आयोजन हुआ जो वक्ताओं की बातों को मन से सुनने वाले पत्रकारों के लिए काफी कारगर सिद्ध होगा। दरअसल संगठन के सम्मेलन में पदाधिकारियों, सदस्यों व सहयोगियों के सम्मान संग पत्रकारों को उनकी मर्यादा का भान कराते हुए लेखनी के गुर सिखाए गए। बताया गया कि कलम की धार को कभी भी कुंद न होने दें, लेकिन यह तभी होगा जब हम खबर लिखते समय दोनों पक्षों के विचार जानेंगे। संगठन सदस्यों के उत्साह और सहयोग संग प्रबुद्धनों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को ऊंचाई प्रदान की।
हरिश्चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ सिंह तथा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर विजय प्रकाश उपाध्याय ने मां सरस्वती एवं संगठन के संस्थापक बालेश्वर लाल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। सुहेलदेव विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर विजय प्रकाश उपाध्याय ने पत्रकारिता में लेखन की बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सीखने और सिखाने की कोई उम्र नहीं होती। पत्रकारिता के क्षेत्र में रहते हुए समय और परिस्थितियों के अनुसार निरंतर सीखते रहना आवश्यक है। पत्रकारों को निष्पक्ष भाव से कार्य करना चाहिए तथा किसी भी समाचार को लिखते समय दोनों पक्षों के विचारों और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अपनी लेखनी चलानी चाहिए। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी तरह संकल्पित है। उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। आवश्यकता पडऩे पर संगठन पत्रकारों के सहयोग से सडक़ पर उतरकर संघर्ष करने से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि नवंबर माह से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और ग्रामीण पत्रकारों के हितों की रक्षा पर जोर दिया। अध्यक्षता ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बृजभूषण उपाध्याय ने की, जबकि संचालन कृष्ण मोहन उपाध्याय ने किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *