फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन द्वारा ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश लगातार दिए जाते है। इस कार्य के लिए बीडीओ और एडीओ की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। लेकिन फूलपुर में 3 दिन वीडियो और 3 दिन ही एडीओ उपलब्ध रहते हैं, ऐसे में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
फूलपुर विकास खण्ड में कुल 89 ग्राम पंचायत हैं। इन ग्राम पंचायतों में विकास के कार्य लगातार चलते हैं। इनकी जिम्मेदारी विकास खण्ड पर नियुक्त बीडिओ और एडीओ के पास होती है। वहीं ग्रामीणों के जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधारकार्ड में संशोधन, कहीं पर नाम मंे गड़बड़ी हो सहित तमाम कामों के लिए क्षेत्रीय लोगों का प्रत्तिदिन ब्लाक पर आना जाना लगा रहता है। लेकिन यहां पर आने के बाद ग्रामीणों को निराशा ही हाथ लगती है। फूलपुर ब्लाक पर नियुक्त बीडीओ फूलपचन्द सरोज हप्ते में केवल 3 दिन ही उपलब्ध हैं। शेष 3 दिन अन्य ब्लाक की जिम्मेदारी रहती है। इसी तरह से एडीओ पंचायत संदीप ज्ञानबीर 3 दिन ही रहते हैं शेष 3 दिन रानी की सराय ब्लाक पर उपलब्ध रहते हैं।
क्षेत्र के राम आसरे यादव, विरेन्द्र कुमार यादव, राजित यादव, रामराज पाल, मनीष कुमार मो. सुफियान, मो. खालिद, हसीब अहमद, रविन्द्र कुमार, राजेश, बृजेश कुमार, दिनेश पांडेय आदि का कहना है कि वीडिओ और एडीओ के प्रतिदिन उपलब्ध न होने के कारण काफी परेशानी होती है। क्षेत्रीय लोगों ने विभागीय उच्च्चाधिकारियो से स्थायी वीडिओ और एडीओ की नियुक्ति की मांग की है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय