नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लालगंज चौराहे के पास स्थित गीता चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। विभागीय जांच में अस्पताल का वैध पंजीकरण नहीं मिलने, संचालक और स्टाफ द्वारा निर्धारित योग्यता से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाने तथा नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में मानकों की अनदेखी किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में भी अनियमितताएं पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएमओ डा. एनआर वर्मा के सीयूजी नंबर पर स्थानीय लोगों ने नवजात की मौत और इलाज में लापरवाही के आरोपों की शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डा. मोहनलाल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीएचसी लालगंज के अधीक्षक डा. एआर सिंह के माध्यम से अस्पताल का निरीक्षण कराया गया।
इनसेट—
जांच में नहीं मिले वैध दस्तावेज
लालगंज (आजमगढ़)। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का सीएमओ कार्यालय में वैध पंजीकरण नहीं मिला। अस्पताल संचालक और कार्यरत स्टाफ निर्धारित चिकित्सा डिग्री, तकनीकी योग्यता तथा संबंधित पंजीकरण के वैध अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में एनआईसीयू निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। वहीं, बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच प्रक्रिया के दौरान साक्ष्य संकलन के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इनसेट–
पूर्व में सीज होने के बावजूद दोबारा संचालन का आरोप
लालगंज (आजमगढ़)। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संबंधित अस्पताल को पूर्व में भी सीज किया गया था। इसके बावजूद दोबारा अस्पताल का संचालन किए जाने की जानकारी सामने आई है। निरीक्षण के दौरान संचालक और स्टाफ वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। विभागीय जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान संचालक और स्टाफ मौके से चले गए। मरीजों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को दोबारा सीज कर दिया।
इनसेट–
सीएमओ ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
लालगंज (आजमगढ़)। सीएमओ डा. एनआर वर्मा ने कहा कि जिले में बिना वैध पंजीकरण के संचालित निजी अस्पतालों और चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निजी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने और अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी अस्पताल में इलाज कराने से पहले उसके पंजीकरण, चिकित्सकों की योग्यता और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *