दुर्गा पूजा पंडाल के पास करंट लगने से बालक की मौत

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच फूलपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सोमवार की रात दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्व प्रधान बागेश्वर यादव के पौत्र श्रेयांश यादव पुत्र इंद्रेश यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार की रात श्रेयांस अपने घर के पास स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह पंडाल में लगे बिजली के किसी खुले तार या उपकरण की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कराई और बालक को बचाने का प्रयास किया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। त्योहार के माहौल में हुई इस घटना से गांव की खुशियां मातम में बदल गईं।
हादसे के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, करंट लगने के सटीक कारणों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *