अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), नगर एवं खण्ड अतरौलिया के तत्वावधान में विजयादशमी के पावन पर्व पर सोमवार को एकत्रीकरण एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश में सजे-धजे स्वयंसेवकों ने हाथों में दण्ड लेकर अनुशासित कदमताल करते हुए नगर भ्रमण किया। इस दौरान पूरे नगर में उत्साह का माहौल रहा और नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
ब्लू बेल्स स्कूल से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से संचलन गुजरा। कार्यक्रम का एकत्रीकरण सोमवार दोपहर राम पूजन सिंह चौक स्थित ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल प्रांगण में हुआ। यहाँ से संचलन का शुभारंभ हुआ, जो अनुशासित पंक्तियों में आगे बढ़ते हुए केसरी सिंह चौक, बब्बर चौक, जायसवाल मोहल्ला, मुसाफिर चौक, गोल बाजार, वरन चौक और दुर्गा मंदिर मार्ग से होकर गुजरा। इसके पश्चात संचलन पुनः बब्बर चौक होते हुए वापस ब्लू बेल्स स्कूल पहुँचा, जहाँ इसका विधिवत समापन हुआ।
संचलन के मार्ग में नगरवासियों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। मार्ग में पड़ने वाले घरों की छतों, बालकनियों और दरवाजों से पुरुषों, महिलाओं व बच्चों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा की। संचलन में शामिल वाहनों पर भगवान श्री राम, संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, पूज्य माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर (गुरुजी) एवं भारत माता के चित्र सुसज्जित थे, जिन पर नागरिकों ने श्रद्धापूर्वक फूल बरसाए।
मुख्य वक्ता के रूप में गोरक्ष प्रान्त के सह प्रान्त प्रचारक सुरजीत उपस्थित रहे, जिनका पाथेय एवं बौद्धिक उद्बोधन स्वयंसेवकों को प्राप्त हुआ। विजयादशमी की परंपरा के अनुसार इस अवसर पर विधिवत शस्त्र पूजन का कार्यक्रम भी संपन्न किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे, उप निरीक्षक विश्राम गुप्ता सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
आयोजन में खंड कार्यवाह बसंत, नगर कार्यवाह प्रदीप राणा लखन सिंह विनोद राजभर, संतोष यादव, नीरज तिवारी, जितेंद्र सिंह गुड्डू, नीरज मिश्रा, रमेश सिंह रामू सहित संघ के स्वयंसेवक, विभिन्न समविचार संगठनों के कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद