निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि की नवमी के अवसर पर सुबह से दोपहर दो बजे तक विभिन्न मंदिरों में कन्या पूजन, हवन और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही।
रघुनाथपुर गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर में उद्योगपति उमाकांत तिवारी ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कन्या पूजन और हवन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया। इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि वह मुंबई में रहते हैं, लेकिन वर्ष में दोनों नवरात्रों के दौरान अपने परिवार के साथ पैतृक गांव आते हैं। यहां दुर्गा माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद भंडारे का आयोजन कराते हैं।
वहीं, निजामाबाद कस्बे के समीप भैरोपुर गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री के स्वरूप में माता रानी का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर में भोर से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों ने कतारबद्ध होकर माता रानी के दर्शन किए।
इसके अलावा बड़ागांव स्थित दुर्गा मंदिर और उमाका पूरा स्थित दुर्गा माता मंदिर में भी विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। नवरात्रि के अंतिम दिन मंदिरों में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र