अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के ग्राम वासेपुर डढ़वा में समाजवादी पार्टी द्वारा ’पीडीए पंचायत’ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सरकार की नीतियों, बढ़ती महंगाई, आरक्षण पर कथित कुठाराघात, निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और पंचायत चुनाव जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार लोकतंत्र पर डाका डालने और आम जनता की आवाज को दबाने का काम कर रही है। हाईकोर्ट द्वारा पंचायत चुनाव को लेकर दिए गए आदेश का जिक्र करते हुए सपा नेता ने न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव कराने की मंशा में नहीं थी। जब पिछड़ा वर्ग आयोग का कार्यकाल समाप्त हो रहा था, तब खानापूरी के लिए कदम उठाए गए। न्यायपालिका ने सरकार की इन मंशाओं पर कड़ा तमाचा जड़ा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 2027 में प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की सरकार बनेगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद