पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के पॉलिटेक्निक परिसर में शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रम मंत्री अनिल राजभर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं। वहीं, मुस्लिम समुदाय के दो जोड़ों का निकाह मौलवी द्वारा उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार कराया गया। पंडित धीरज मिश्रा के नेतृत्व में ब्राह्मणों के समूह ने वैदिक मंत्रों के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर नई जिंदगी की शुरुआत की खुशी साफ दिखाई दी। परिजनों ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 800 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। प्रत्येक जोड़े को 21 हजार रुपये की सामग्री उपलब्ध कराने तथा वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि दिए जाने की जानकारी दी गई।
श्रम मंत्री अनिल राजभर ने योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पात्र परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारी अरविंद जायसवाल, हरिकेश राजभर और सोनू सिंह आदि मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट-बबलू राय