दिव्यांग विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नाऊपुर देवगांव में शुक्रवार को जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत 70 से अधिक विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग) विद्यार्थियों एवं उनके सहयोगी शिक्षकों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा के वातावरण से परिचित कराना, उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सीखने की जिज्ञासा विकसित करना तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर केंद्र, केंद्रीय पुस्तकालय, कॉन्फ्रेंस हॉल एवं अन्य केंद्रीय सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रयोगात्मक शिक्षा, डिजिटल संसाधनों तथा उच्च शिक्षा के विभिन्न आयामों को करीब से जानने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. बी.के. त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, निरंतर सीखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का समन्वय संस्थान के कुलसचिव डॉ. अम्बरीश सिंह ने किया। डॉ. सिंह ने कहा कि इस प्रकार की पहल उच्च शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों के बीच सार्थक संबंध स्थापित करने के साथ-साथ समावेशी एवं संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के शिक्षक डॉ. कौशल शुक्ला, डॉ. अनीश कुमार, चैतन्य निधि, महेश कुमार, नवीन चंद्रा एवं डॉ. यतींद्र आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *