मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के शारदा सहायक खंड 23 मेंहनगर-गोसाई बाजार नहर पटरी पर गौरा गांव के पास माईनर के लिए लगाए गए फाटक पर सड़क धंसने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क बनीं खाईं नुमा गड्ढे की बदहाल स्थिति के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। आयेदिन राहगीर हादसों का शिकार होकर घायल हो रहे हैं, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों में गौरा गांव निवासी सुमंत पांडेय बुधवार की रात बाजार से आते समय गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क धंसने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कत हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस संबंध में खंड तृतीय शारदा सहायक के स्थानीय सहायक अभियंता दिनेश से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सड़क की समस्या की शिकायत विभाग में की गई है। जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। अब देखना है कि विभागीय आश्वासन के बाद सड़क की मरम्मत कब तक होती है और राहगीरों को इस समस्या से कब निजात मिलती है।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी