पटवध आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना अंतर्गत गांगेपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सुशील कुमार राय की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सुशील कुमार राय पुत्र स्व. रामजस राय उर्फ हुब्बा राय को होटल मैनेजमेंट की ओर से बागेश्वर नगर मोहल्ले स्थित सिटी मैरेज हॉल में रहने के लिए कमरा उपलब्ध कराया गया था। मंगलवार की शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चले गए। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सुशील कुमार राय चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
रिपोर्ट-बबलू राय