आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदाकर्मियों की हड़ताल एवं कार्य बहिष्कार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सीएमओ डा. एन.आर. वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में तीन संविदाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
सीएमओ ने बताया कि बुधवार को आयोजित ऑनलाइन बैठक में सभी संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों एवं स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। हड़ताल एवं कार्य बहिष्कार के कारण अनुपस्थित पाए जाने वाले संविदाकर्मियों की अनुपस्थिति नियमानुसार दर्ज करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की सूचना संबंधित उच्चाधिकारियों को भी उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त, विगत 15 दिनों से लगातार अनुपस्थित चल रहे कर्मचारियों की सूची तत्काल कार्यालय को प्रेषित की जाए, ताकि संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा सके।
इनसेट—-
किसी भी स्थिति में बाधित न हों स्वास्थ्य सेवाएं: सीएमओ
आजमगढ़। सीएमओ डा.वर्मा ने स्पष्ट किया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। संबंधित प्रभारी उपलब्ध एवं कार्यरत कर्मचारियों से समुचित कार्य लेते हुए उपचार, जांच और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को नियमित रूप से संचालित कराना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यदि कोई कर्मचारी कार्य करने के लिए तैयार है, तो उसे कार्य करने से रोका नहीं जाना चाहिए।
रिपोर्ट-बबलू राय