योगासन प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल ने जीते 18 पदक

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 70वीं विद्यालय राज्य योगासन खेल प्रतियोगिता-2026 में आजमगढ़ मंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में कुल 18 पदक जीते। इनमें आठ स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में नौ से 12 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के परिणाम सोमवार देर रात घोषित किए गए।
मंडल खेल सचिव दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के 18 मंडलों के बीच हुई प्रतियोगिता में आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की उपलब्धि से मंडल का गौरव बढ़ा है।
अंडर-14 आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में जाह्नवी और पहल ने स्वर्ण पदक जीता। इसी आयु वर्ग की रिदमिक पेयर स्पर्धा में अंजलि और जानवी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 रिदमिक पेयर में माही और अर्पिता तथा अंडर-19 रिदमिक पेयर में पूजा और संजना की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर मंडल का मान बढ़ाया।
रजत पदक जीतने वालों में अंडर-14 आर्टिस्टिक सिंगल में जानवी और पीयूष, अंडर-17 आर्टिस्टिक सिंगल में प्रिंस, अंडर-19 ट्रेडिशनल में शौर्य, अंडर-14 आर्टिस्टिक पेयर में शौर्य और शिवानंद तथा अंडर-19 आर्टिस्टिक सिंगल में पूजा शामिल हैं। वहीं, अंडर-14 ट्रेडिशनल स्पर्धा में अंजलि और अंडर-17 ट्रेडिशनल में अंकित ने कांस्य पदक जीता।
प्रतियोगिता के संचालन में निदेशक नूपुर श्रीवास्तव, प्रबंधक राजन वैदिक, स्टेज मैनेजर अर्चना और बालकृष्ण तथा मुख्य निर्णायक आशीष पांडेय और आशीष शर्मा सहित निर्णायक मंडल के सदस्यों ने योगदान दिया।
सचिव अशोक और अध्यक्ष लौटू ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। मंजू चौरसिया, दीक्षा वर्मा, प्रियंका कुशवाहा, रितु चेतमनी, रजत मौर्य, स्मिता, राबिना, मंजरी, अंजलि, शैलेश, लोकनाथ, मनमोहन और शंकर रावत आदि सहयोगियों का भी योगदान रहा।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *