अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्व.मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को अतरौलिया स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री बलराम यादव समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
नेताजी को याद करते हुए बलराम यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को मानने वालों के लिए यह दिन अत्यंत दुखदायी और महत्वपूर्ण है। नेताजी की स्मृतियां समाजवाद और सामाजिक समरसता के लिए संघर्ष करने की ताकत देती हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी ऐसे राजनेता थे, जिन्होंने दशकों तक प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित किया। उनके विचार, सिद्धांत और जनसेवा का संकल्प समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बलराम यादव ने विश्वास जताया कि जनता 1977 का इतिहास दोहराएगी और उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार विकास के बजाय विज्ञापनों तक सीमित रह गई है। युवा दूर-दराज के शहरों में परीक्षाएं देने जाते हैं, लेकिन बाद में पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे निराश कई अभ्यर्थी गंभीर मानसिक तनाव का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
बलराम यादव ने भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी मानसिकता गरीबों और अशिक्षित लोगों पर शासन करने की है। उन्होंने दावा किया कि जनता के आक्रोश का असर आगामी चुनावों में दिखाई देगा और कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, राधेश्याम यादव, रणविजय यादव, घनानंद गिरी, बलवंत यादव, राजेंद्र राम, तजम्मुल, डब्बू निषाद, जनार्दन यादव, महेंद्र, रमाकांत, केके यादव, अरविंद प्रजापति, रामहित आदि मौजूद रहे।
इनसेट—
अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
अतरौलिया (आजमगढ़)। श्रद्धांजलि सभा के बाद बलराम यादव अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय, पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती करीब सौ मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए सेवा और जनकल्याण के कार्यों को नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद