फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत वितरण खंड फूलपुर के अंतर्गत बिजली बकायेदारों से राजस्व वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान से उपभोक्ताओं में हलचल मची रही। शनिवार को ग्राम पंचायत जगदीशपुर में कुँवर नदी पुल के पास घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। इस दौरान बकाया जमा नहीं करने वाले 12 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। वहीं, 70 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई।
अवर अभियंता देवेंद्र सिंह और साउथ फीडर के मैनेजर सूर्यभान के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने डोर-टू-डोर चेकिंग अभियान चलाया। टीम के कर्मचारी बकाया रजिस्टर लेकर प्रत्येक परिसर में पहुंचे और बिजली बिलों की जांच की। बकायेदारों को बकाया राशि जमा करने के लिए कहा गया। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि बकाया राशि का 25 प्रतिशत तत्काल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को शेष रकम जल्द जमा करने की हिदायत दी गई। वहीं, भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई जारी रही।
अभियान के दौरान बिजली कनेक्शन काटने के साथ ही विद्युत भार में वृद्धि और मीटर बदलने की कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों के अनुसार, तीन उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया, जबकि चार उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए।
इस संबंध में अवर अभियंता देवेंद्र सिंह ने बताया कि बकाया राजस्व वसूली को लेकर फीडरवार प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। अब प्रत्येक गांव में बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाकर वसूली की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की।
अभियान में सूर्यभान, रमोध बिंद, राजकुमार, चंद्रेश, इंद्रेश, बृजेश, सिकंदर और अंगद सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय