लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर निवासी तीन वर्षीय मासूम अल्तमस पुत्र सरफराज की शुक्रवार देर रात सर्पदंश से मौत हो गई। इकलौती संतान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अल्तमस शुक्रवार की सुबह अपने ननिहाल कमरावां गया था। शाम करीब छह बजे वह ननिहाल के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। घटना के बाद परिजन उसे पहले झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालत में सुधार न होने पर वे उसे लालगंज स्थित सौ शैया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जौनपुर रेफर कर दिया। देर रात जौनपुर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार की इकलौती संतान होने के कारण इस दुखद घटना से परिजनों का दर्द और गहरा हो गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद